दिल्ली जा रहे इसराना के पूर्व विधायक बलबीर बाल्मीकि को पानीपत पुलिस ने किया डिटेनPunjabkesari TV
1 hour ago दिल्ली में चल रहे प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे इसराना के पूर्व विधायक बलबीर बाल्मीकि को शुक्रवार को पानीपत पुलिस ने डिटेन कर लिया। वे अपने साथियों के साथ गाड़ियों के काफिले में दिल्ली जा रहे थे। हल्दाना चौकी के पास पुलिस ने उनका काफिला रुकवा दिया। इसके बाद पुलिस उन्हें उनके साथियों से अलग कर उनके ही घर ले आई। इस दौरान डीएसपी सुरेश सैनी और इसराना थाना प्रभारी हरिराम सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
पूर्व विधायक ने पुलिस अधिकारियों से उन्हें रोके जाने का कारण पूछा, लेकिन वे कोई स्पष्ट वजह नहीं बता पाए। बलबीर बाल्मीकि ने कहा कि अगर पुलिस को उनके काफिले में शामिल गाड़ियों की जांच करनी है तो वे इसके लिए तैयार हैं, लेकिन उन्हें दिल्ली जाने से नहीं रोका जाना चाहिए। इसके बावजूद पुलिस ने उनके काफिले को आगे नहीं जाने दिया।
पूर्व विधायक बलबीर बाल्मीकि ने कहा कि वे खुद भी वोट चोरी का शिकार हुए हैं और इसी वजह से चुनाव हार चुके हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराने का अधिकार है। वे भी अपने साथियों के साथ शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली जा रहे थे।
उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब वे शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे, तो उन्हें रोकना अन्याय है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने के अधिकार का सम्मान होना चाहिए।