Haryana

चाचा-भतीजे पर फायरिंग के मामले में दो आरोपी गिरफ्तारPunjabkesari TV

1 hour ago

चाचा-भतीजे पर फायरिंग के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

पहले बाइक को कार से मारी थी टक्कर, फिर पीछा कर किए थे तीन हवाई फायर; मंगलवार रात मेडिकल कराने पहुंची पुलिस

पानीपत। नंगला पुल के पास बाइक सवार चाचा-भतीजे पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान इसरारा निवासी काला माजरा और सहारनपुर के सांगा थेड़ा निवासी आजम के रूप में हुई है। पुलिस मंगलवार रात दोनों आरोपियों का मेडिकल कराने पहुंची। मामले में पुलिस की आगामी कार्रवाई जारी है।

घटना आठ दिन पहले सोमवार रात करीब आठ बजे की बताई गई है। गांव निवासी मुज्जमिल अपने भतीजे हंस के साथ बाइक पर जा रहा था। आरोप है कि नंगला पुल के पास स्विफ्ट कार सवार लोगों ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से चाचा-भतीजे सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इसके बाद टक्कर को लेकर कहासुनी हुई, जो विवाद में बदल गई।

जान बचाने के लिए गन्ने के खेत में भागे थे चाचा-भतीजे

पीड़ित पक्ष के अनुसार, विवाद के दौरान कार सवारों ने हथियार निकाल लिया। जान बचाने के लिए मुज्जमिल और उसका भतीजा पास के गन्ने के खेत की ओर भाग गए। आरोप है कि हमलावरों ने उनका पीछा किया और एक के बाद एक तीन हवाई फायर किए। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी।

स्मैक बेचने का विरोध करने पर रंजिश का आरोप

पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया था कि गांव में नशा बेचने का विरोध करने के कारण आरोपियों से उनकी रंजिश चल रही थी। मुज्जमिल के भाई साहिल ने दावा किया था कि आरोपी पक्ष के लोग उनके घर के सामने स्मैक बेचते थे। इसका विरोध करने के बाद से ही विवाद चल रहा था। पीड़ित पक्ष ने पहले भी आरोपियों द्वारा तलवार लेकर आने की बात कही थी।

सनौली थाना पुलिस कर रही कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने पर सनौली थाना पुलिस, सीआईए और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। अब इस मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। मंगलवार रात पुलिस दोनों को मेडिकल के लिए लेकर पहुंची। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

NEXT VIDEOS